- अल्मोड़ा में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और कांग्रेस नेता पर बोला तीखा हमला
अल्मोड़ा। उत्तराखंड में आगामी चुनावों को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेताओं के लगातार उत्तराखंड दौरे से प्रदेश का राजनीतिक माहौल गरमाने लगा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 से 30 मई तक मई से प्रदेश के दौरे पर हैं। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भी जून की शुरुआत में उत्तराखंड आने की संभावना जताई जा रही है । अल्मोड़ा में उनकी एक बड़ी जनसभा प्रस्तावित है।
इसी बीच बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अल्मोड़ा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारतीय सेना और सर्जिकलस्ट्राइक पर सवाल उठाकर सैनिकों का अपमान करते रहे हैं। राहुल गांधी देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भारतीय सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाते हैं, वहीं जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सैन्य बाहुल्य प्रदेश है और यहां की दो दो सीमाए अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगी हुई है। राहुल गांधी ने हमेशा सैनिकों का अपमान किया है। सेना सर्जिकल स्ट्राइक करती है। वह प्रश्निचन्ह उठाते है और विदेशों में जाकर भारत की मजाक बनाते हैं। उत्तराखंड के लोग बहुत राष्ट्रवादी है, इसलिए पहले भी लगातार उत्तराखंड के लोगों ने राष्ट्र के साथ राष्ट्र प्रथम को मानते हुए अपना कदम उठाया है अपना फैसला सुनाया है और आगे भी सुनाएंगे। यहां के लोगों का सेना तथा राष्ट्रभक्ति से गहरा जुड़ाव है। ऐसे में कांग्रेस की राजनीति उत्तराखंड में सफल नहीं होने वाली है।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन और कुलपति आवास का लोकार्पण भी किया। उन्होंने जिले में करीब 138 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं अल्मोड़ा और आसपास के क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और क्षेत्र के लिए विकास का नया अध्याय साबित होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विश्वविद्यालय में बने नए प्रशासनिक भवन और कुलपति आवास से शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को गति मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा और विकास को नई दिशा देना है, ताकि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल सकें और उन्हें पलायन के लिए मजबूर न होना पड़े। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही। वहीं राजनीतिक हलकों में राहुल गांधी के संभावित दौरे और भाजपा के आक्रामक चुनावी अभियान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।



