देहरादून। दून जिला न्यायालय को गुरुवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीम पहुंची। पुलिस ने पूरे न्यायालय परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा के मद्देनजर जज, न्यायालय स्टाफ, अधिवक्ताओं और अन्य लोगों को बाहर निकाल दिया गया।
बताया गया कि बुधवार को भी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला था। उस दिन भी करीब दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
लगातार दूसरे दिन मिली धमकी के चलते न्यायालय परिसर में कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और धमकी भरे मेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


