Tuesday, November 3, 2026
 dipr
Homeदेहरादूनउर्मिला सनावर को मिली जमानत, आज जेल से रिहाई की चर्चा; सीबीआई...

उर्मिला सनावर को मिली जमानत, आज जेल से रिहाई की चर्चा; सीबीआई कोर्ट में पेश नहीं हुए सुरेश राठौर और उर्मिला

देहरादून। पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मंगलवार को सीबीआई कोर्ट में पेशी होनी थी, लेकिन दोनों के अदालत में नहीं पहुंचने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अब मामले में सुनवाई के लिए अदालत की ओर से नई तारीख तय की जाएगी। वहीं, पूर्व विधायक की बेटी दीपिका राठौर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में जेल में बंद अभिनेत्री उर्मिला सनावर को सोमवार को जमानत मिल गई।

अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने उर्मिला सनावर की जमानत याचिका मंजूर करते हुए 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और इतनी ही धनराशि के दो जमानती प्रस्तुत करने पर रिहाई के आदेश दिए हैं। जमानत से जुड़ी दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को उनकी जेल से रिहाई की संभावना जताई गई थी।

गौरतलब है कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग की गई और रविदास धाम का नाम कराने के लिए दबाव बनाया गया।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 25 अक्टूबर को सहारनपुर स्थित उनके आवास से उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।

उर्मिला की ओर से अदालत में जमानत याचिका दाखिल की गई थी, लेकिन पहले जांच आख्या उपलब्ध नहीं होने और फिर अन्य कारणों से सुनवाई टल गई थी। आखिरकार सोमवार को अदालत ने उनकी जमानत याचिका स्वीकार कर ली। हालांकि, मंगलवार को प्रस्तावित पेशी में दोनों के अनुपस्थित रहने से मामले की सुनवाई नहीं हो सकी। अब अगली सुनवाई के लिए नई तारीख का इंतजार है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -


video
play-sharp-fill

video
play-sharp-fill

देहरादून

Recent Comments