देहरादून। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के जौलीग्रांट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जौलीग्रांट स्थित एक होटल में पार्टी की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा इस बैठक में शामिल होने पहुंचे। विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक के लक्ष्य के साथ भाजपा ने अपनी सियासी रणनीति को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी विधानसभा चुनाव रखा गया है, जिसमें चुनावी मुद्दों और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
बैठक में विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की योजना पर मंथन किया जा रहा है। साथ ही यह भी तय किया जाएगा कि पार्टी कार्यकर्ता किस तरह जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।
हाल ही में प्रदेश में कराए गए पहले चरण के सर्वे की रिपोर्ट भी बैठक में चर्चा का प्रमुख आधार है। इसमें यह आकलन किया जाएगा कि किन विधानसभा सीटों पर पार्टी मजबूत है और किन क्षेत्रों में अतिरिक्त मेहनत की जरूरत है। साथ ही विधायकों के प्रदर्शन और उनकी स्थिति की भी समीक्षा की जा रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वर्तमान विधायक अपने-अपने क्षेत्रों से ही अगले चुनाव की तैयारी करें। पार्टी की ओर से किसी भी विधायक या मंत्री की सीट बदलने की कोई योजना नहीं है। ऐसे में कोर कमेटी की यह बैठक चुनावी रणनीति के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।


