देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी-शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में सीएम धामी से मुलाकात कर हाल में हुई घटनाओं पर चिंता जताई।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना समेत विभिन्न स्थानों पर सरकारी कार्मिकों के साथ हुई अभद्रता और हमलों का उल्लेख करते हुए ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने तत्काल मुख्य सचिव को फोन कर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए विस्तृत एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही डीजीपी को सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और इस प्रकार की घटनाओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सीएम धामी ने एसएसपी देहरादून को भी शिक्षा निदेशालय की घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्मिकों के साथ दुर्व्यवहार या हिंसा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


