देहरादून। होली के अवसर पर यात्रियों को समय पर बस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम ने विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। निगम के महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह को इस संबंध में आदेश जारी किए।
27 फरवरी से 9 मार्च तक प्रभावी रहेगी योजना
जारी आदेश के अनुसार यह योजना 27 फरवरी से 9 मार्च तक यानी 11 दिनों तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि में लगातार 10 दिन ड्यूटी करने वाले ड्राइवर और कंडक्टरों को विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मैदानी मार्गों पर औसत 242 किमी प्रतिदिन संचालन, मिश्रित मार्गों पर औसत 200 किमी प्रतिदिन पर्वतीय मार्गों पर औसत 180 किमी प्रतिदिन इन मानकों को पूरा करने पर कर्मचारियों को 1250 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
11 दिन लगातार ड्यूटी पर अधिक लाभ
यदि कोई कर्मचारी बिना अवकाश लिए पूरे 11 दिन ड्यूटी करता है तो उसे अतिरिक्त लाभ मिलेगा— केवल मैदानी मार्गों पर न्यूनतम 2662 किमी, मैदानी-पर्वतीय मिश्रित मार्गों पर 2200 किमी, केवल पर्वतीय मार्गों पर 1980 किमी संचालन इन शर्तों को पूरा करने पर 1500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
अतिरिक्त प्रोत्साहन भी
होली के दिन कार्यशाला से बस लेकर मार्ग पर जाने वाले ड्राइवर-कंडक्टर को 300 रुपये अतिरिक्त। जिनका लोड फैक्टर 90 प्रतिशत से अधिक रहेगा, उन्हें 500 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा।
अन्य कर्मचारियों के लिए भी सौगात
डिपो कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारी, डीजल लिपिक, समयपाल, बैग इन-आउट लिपिक, चेकिंग लिपिक, कैशियर, स्टोरकीपर, बुकिंग क्लर्क, एमएसटी व अन्य पास बनाने वाले कर्मचारी तथा आउटसोर्स कर्मियों को एक अवकाश लेकर 10 दिन कार्य करने पर 1000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
निगम प्रबंधन का कहना है कि इस योजना से होली के दौरान यात्रियों को बेहतर और सुचारु बस सेवा मिल सकेगी, वहीं कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ेगा।


