अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मामले में सरकार ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा और अब उन्हें उम्रकैद की सजा मिल चुकी है।
सीएम धामी ने कहा कि मामले की जांच के लिए एक महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी। एसआईटी ने कई महीनों तक लगातार काम कर मजबूत साक्ष्य जुटाए, जिसके आधार पर अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई।
उन्होंने बताया कि इस मामले की सुनवाई विभिन्न स्तरों की अदालतों—जिला अदालत, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट—की निगरानी में हुई। न्यायालय के फैसले के बाद जिन तीन लोगों के नाम सामने आए थे, उन्हें दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई है और वे वर्तमान में जेल में हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग इस संवेदनशील मामले पर अनावश्यक राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिनके पास कोई मुद्दा नहीं है, वे बार-बार इस मामले को उठाकर उस बेटी की आत्मा को आहत करने का काम कर रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार और प्रशासन ने मामले में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई की है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए गए हैं।


