देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की बेटी एवं अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडी बिल्डर प्रतिभा थपलियाल को बॉडीबिल्डिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और गमला भेंट कर सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभा की उपलब्धियों को उत्तराखंड की मातृशक्ति का गौरव बताते हुए कहा कि उनकी सफलता महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा की उपलब्धियां विशेषकर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों को खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मातृशक्ति खेलों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में अपने करियर की नई संभावनाएं तलाश रही है, जो प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भूमि मातृप्रधान रही है और यहां की महिलाएं कृषि, सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की धुरी रही हैं। पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा, खेल और सुशासन जैसे क्षेत्रों में भी प्रदेश की महिलाओं ने देश-दुनिया का मार्गदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रतिभाशाली महिलाओं को, जो विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं, राजकीय सेवाओं में अवसर प्रदान करने के प्रयास भी किए जाएंगे, ताकि वे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकें।
चार वर्षों में कई बड़ी उपलब्धियां
43 वर्षीय प्रतिभा थपलियाल ने पिछले चार वर्षों में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी अपने नाम किया।
हाल ही में 9 फरवरी 2026 को तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित राष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतिभा महिला विश्व और एशिया चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली चुनिंदा महिला बॉडीबिल्डरों में शामिल हैं।
प्रदेश सरकार ने महिला खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन देने की प्रतिबद्धता दोहराई है, ताकि उत्तराखंड की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता हासिल करती रहें। इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान भी उपस्थित रहे।


