ऋषिकेश। आईडीपीएल हॉकी मैदान ऋषिकेश में बापू ग्राम बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकजुट हुए। बापू ग्राम, गीता नगर, मीरा नगर (करीब 20 बीघा भूमि) सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े भूमि प्रकरण को लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और अपने घरों व जमीन को बचाने की मांग उठाई।
इस दौरान नगर निगम ऋषिकेश के पार्षद अभिनव सिंह मलिक ने कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर बापूग्राम बचाने की गुहार लगाई। पत्र में उन्होंने लिखा कि वह यह पत्र भारी मन और गहरी पीड़ा के साथ लिख रहे हैं, जो केवल उनकी नहीं, बल्कि ऋषिकेश के बापूग्राम, पशुलोक, शिवाजी नगर और आसपास के क्षेत्रों में निवास कर रहे लगभग एक लाख भयभीत नागरिकों की सामूहिक पुकार है।
अभिनव सिंह मलिक ने कहा कि हमारे डूबते हुए आशियानों को अब आप ही बचा सकते हैं। यह मामला केवल जमीन के एक टुकड़े का नहीं है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि जिस भूमि को आज उत्तराखंड का वन विभाग और प्रशासन अतिक्रमण बताकर खाली कराना चाहता है, उसका इतिहास भारत की आजादी के स्वर्णिम अध्यायों से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि यह कोई अवैध कब्जा नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक पुनर्वास है, जिसकी नींव स्वयं महात्मा गांधी की प्रेरणा से रखी गई थी। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस ऐतिहासिक और मानवीय पहलू को ध्यान में रखते हुए प्रशासन कोई कठोर कार्रवाई न करे और लोगों को न्याय दिलाया जाए।


