देहरादून के कारगी स्थित मैकेनाइज्ड कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय पर धरना देकर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन का दावा पूरी तरह भ्रामक है। उनका कहना है कि यह स्थल अब ट्रांसफर स्टेशन के बजाय कूड़ा डंपिंग जोन बन चुका है और धीरे-धीरे एक बड़े कूड़ाघर का रूप ले रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यहां से उठने वाली दुर्गंध के कारण कारगी, आईएसबीटी और ब्राह्मणवाला क्षेत्र के हजारों लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासियों को गंभीर स्वास्थ्य और पर्यावरणीय समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम से मांग की कि क्षेत्र की जनता की परेशानी को देखते हुए कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए और ट्रांसफर स्टेशन को निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित किया जाए। चेतावनी दी गई कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


