देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में तापमान में गिरावट आने की भी संभावना जताई है।
मौसम में बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेषकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बर्फबारी के चलते सड़क मार्ग प्रभावित हो सकते हैं, जिससे आवाजाही में दिक्कतें आ सकती हैं।
मैदानी क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे तक पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का यह मिजाज बना रह सकता है।


