ब्यूरो : उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शनिवार को केदारनाथ धाम का दौरा कर आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर क्षेत्र से लेकर यात्रा मार्ग तक चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने मंदाकिनी और सरस्वती नदियों पर बने बेली ब्रिज, आस्था पथ पर स्थित रेन शेल्टर, और मंदिर परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि रेन शेल्टरों में एलईडी साइनेज लगाई जाएं ताकि यात्रियों को शौचालय, मेडिकल सुविधा और अन्य जरूरी सेवाओं की स्पष्ट जानकारी मिल सके। उन्होंने यात्रियों के लिए गर्म पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) को निर्देशित किया गया कि यात्रा मार्ग पर स्थित कॉटेजों की मरम्मत और सफाई समय पर पूरी की जाए। रुद्र प्वाइंट और घोड़ा पड़ाव जैसे प्रमुख स्थलों पर भी मुख्य सचिव ने भीड़ प्रबंधन, चिकित्सा, पेयजल और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की।
जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने बताया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और अधिकतर व्यवस्थाएं पूर्ण की जा चुकी हैं। शेष कार्य यात्रा शुरू होने से पहले पूरे कर लिए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। यात्रा मार्ग पर पुलिस बल, आपदा प्रबंधन टीमें और आवश्यक संसाधन तैनात किए जा चुके हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता दी जा सके।
मुख्य सचिव का यह निरीक्षण केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन