देहरादून/गैरसैंण। उत्तराखंड सरकार ने आगामी बजट सत्र के आयोजन की तिथि तय कर दी है। विधानसभा का बजट सत्र 9 से 13 मार्च तक ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित किया जाएगा।
सत्र को लेकर पक्ष और विपक्ष के विधायक सक्रिय हो गए हैं। अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए अब तक विधानसभा सचिवालय को 500 से अधिक प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं। सत्र में अभी समय होने के कारण प्रश्नों की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही बजट सत्र गैरसैंण में आयोजित कराने के संकेत दे चुके थे। इसके आधार पर विधानसभा सचिवालय ने भराड़ीसैंण में तैयारियां शुरू कर दी हैं। संबंधित विभागों द्वारा विधायकों के प्रश्नों के उत्तर भी तैयार किए जा रहे हैं।
चुनावी वर्ष में होने वाले इस बजट सत्र को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पक्ष-विपक्ष के विधायक अपने विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं को सदन में प्रमुखता से उठाने की तैयारी में हैं। विधायकों को उम्मीद है कि सरकार इन मुद्दों पर सकारात्मक जवाब और समाधान प्रस्तुत करेगी।


